Bikaner Bikaner District Rajasthan

29 मई को निकलेगी नगर परिक्रमा, पांच ऐतिहासिक द्वारों की होगी पूजा-अर्चना

29 मई को निकलेगी नगर परिक्रमा, पांच ऐतिहासिक द्वारों की होगी पूजा-अर्चना
बीकानेर। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर शहर में धार्मिक आस्था, भक्ति एवं आध्यात्मिक चेतना से ओतप्रोत नगर परिक्रमा का आयोजन 29 मई को किया जाएगा। लक्ष्मी मंडल के संयोजक उमेश सोनगरा ने बताया कि हिंदू धर्म में पुरुषोत्तम मास का विशेष महत्व माना गया है। इस मास में धार्मिक अनुष्ठान, दान-पुण्य, तीर्थ यात्रा एवं नगर परिक्रमा को अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार गौदान, भूखे को भोजन करवाना और प्यासे को पानी पिलाना पुण्य का कार्य माना जाता है, उसी प्रकार नगर परिक्रमा का भी विशेष धार्मिक महत्व है। तीन वर्षों के बाद आयोजित होने जा रही इस नगर परिक्रमा को लेकर शहर के धर्म प्रेमी बंधु-भगिनियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। श्री लक्ष्मी मंडल और श्री वैद नाई समाज के आयोजकों ने बताया कि यह परिक्रमा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि समाज में आध्यात्मिक जागृति लाने एवं संत सेनजी महाराज के बताए आदर्शों और संस्कारों को जन-जन तक पहुंचाने का भी माध्यम है। यात्रा का उद्देश्य धर्म रक्षा के साथ समाज में प्रेम, सद्भाव एवं सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करना है। नगर परिक्रमा के दौरान बीकानेर शहर के पांच प्रमुख एवं ऐतिहासिक द्वारों शीतला गेट, गोगागेट, नत्थूसर गेट, जस्सूसर गेट एवं कोटगेट पर विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। श्रद्धालु भजन-कीर्तन एवं जयकारों के साथ नगर भ्रमण करेंगे। यह नगर परिक्रमा 29 मई, शुक्रवार को रात्रि 9.15 बजे श्री वेद सेन भवन, शीतला गेट के बाहर से प्रारंभ होगी। आयोजन समिति ने समस्त धर्म प्रेमी नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *