

औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं को लेकर रीको प्रशासन पर भड़के उद्योगपति
बीकानेर। करणी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के महामंत्री विजय जैन एवं उपाध्यक्ष इमरान राठौड़ ने रीको लिमिटेड के रीजनल मैनेजर से मुलाकात कर औद्योगिक क्षेत्र की लंबे समय से लंबित समस्याओं को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया। एसोसिएशन प्रतिनिधियों ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का अभाव उद्योगपतियों एवं श्रमिकों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन चुका है। क्षेत्र की अधिकांश सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है तथा माल परिवहन भी प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि नालों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है, जिससे वातावरण दूषित हो रहा है और बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। इसके अलावा सफाई व्यवस्था बदहाल है तथा अधिकांश स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी होने से रात के समय अंधेरा छाया रहता है, जिससे सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बढ़ गई हैं। प्रतिनिधियों ने रीको प्रशासन से विशेष अभियान चलाकर समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की, ताकि औद्योगिक गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकें और उद्योगपतियों को राहत मिल सके।
