Bikaner Bikaner District Rajasthan

औषधि नियंत्रण विभाग की बड़ी कार्रवाई, नशे में दुरुपयोग होने वाली 6 लाख से अधिक की दवाइयां जब्त

औषधि नियंत्रण विभाग की बड़ी कार्रवाई, नशे में दुरुपयोग होने वाली 6 लाख से अधिक की दवाइयां जब्त
बीकानेर। औषधि नियंत्रण विभाग ने नशे में दुरुपयोग होने वाली औषधियों के अवैध भंडारण एवं विक्रय के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 लाख रुपये से अधिक मूल्य की विभिन्न दवाइयां जब्त की हैं। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित नशीली दवाओं के कारोबार में हड़कंप मच गया। औषधि नियंत्रण अधिकारी नरोत्तम देव बारोठिया ने बताया कि पुलिस जाब्ते के साथ घड़सीसर रोड स्थित आदर्श विद्या मंदिर स्कूल के पास एक मकान में देर रात दबिश दी गई। जांच के दौरान वहां बिना वैध औषधि अनुज्ञापत्र तथा बिना क्रय-विक्रय अभिलेखों के नशे में दुरुपयोग होने वाली औषधियों का अवैध भंडारण पाया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद विपिन कुमार से प्रीगाबालिन 300 एमजी कैप्सूल, टपेंटाडोल टैबलेट सहित विभिन्न प्रकार की कुल 14 श्रेणी की औषधियां बरामद की गईं। संबंधित व्यक्ति मौके पर दवाइयों के क्रय बिल, विक्रय विवरण एवं ड्रग लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 की धारा 22(1)(सीसीए), 18ए एवं 18बी के तहत कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर दवाओं के नमूने परीक्षण हेतु लिए गए तथा नियमानुसार औषधियों को जब्त कर सीलबंद किया गया। इस कार्रवाई में औषधि नियंत्रण अधिकारी जितेन्द्र कुमार बोथरा का भी सहयोग रहा। विभाग ने आमजन से अपील की है कि बिना चिकित्सकीय परामर्श और बिना अधिकृत विक्रेता से दवाइयां खरीदने से बचें। साथ ही नशे में दुरुपयोग होने वाली औषधियों के अवैध व्यापार की सूचना तुरंत विभाग या पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *