

बोथरा ने भारतीय टीम ट्रायल्स के लिए किया क्वालिफाई, बीकानेर का बढ़ाया मान
बीकानेर। शहर की प्रतिभावान बेटी मुस्कान बोथरा ने 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम ट्रायल्स के लिए क्वालिफाई कर बीकानेर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। मात्र 12 वर्ष की आयु में हासिल की गई यह उपलब्धि खेल जगत के साथ-साथ पूरे शहर के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बन गई है। मुस्कान प्रसिद्ध फिजिक्स व्याख्याता रविरंजन बोथरा एवं प्रियंका बोथरा की सुपुत्री हैं। वह श्री जैन पब्लिक स्कूल में कक्षा 8वीं की छात्रा हैं तथा जय नारायण व्यास कॉलोनी, बीकानेर की निवासी हैं। शूटिंग के क्षेत्र में मुस्कान अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। वर्तमान में वह कैलिबर शूटिंग अकादमी में सुनील सर के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। भारतीय टीम ट्रायल्स के दौरान मुस्कान को भारत की स्टार निशानेबाज़ एवं ओलंपिक 2024 पदक विजेता Manu Bhaker से मुलाकात करने का अवसर भी मिला। यह पल मुस्कान के लिए बेहद प्रेरणादायक रहा। मुस्कान ने बताया कि अपनी ऐतिहासिक उपलब्धियों के बावजूद मनु भाकर की सादगी, विनम्रता और सहज व्यवहार ने उन्हें अत्यंत प्रभावित किया। इस दौरान मनु भाकर ने उन्हें शूटिंग से जुड़े कई महत्वपूर्ण टिप्स दिए तथा जीवन में अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास बनाए रखने की प्रेरणा भी दी। मुस्कान की इस सफलता पर परिवार, शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों एवं शहरवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
