

बुद्ध पूर्णिमा पर सेवा योजना की पहल
बीकानेर। द्ध पूर्णिमा के अवसर पर बीकानेर सेवा योजना द्वारा जनसहयोग से जोड़बीड, कोटड़ी गांव और सुरधना के वन्य क्षेत्रों में पशु-पक्षियों के लिए जल सेवा का कार्य किया गया। इस दौरान खाली पड़े सोसर, गजलर और पशुओं की खेलियों को स्वच्छ पानी से भरा गया, जिससे भीषण गर्मी में जीव-जंतुओं को राहत मिल सके। इसके साथ ही वन विभाग कार्यालय कोटड़ी में पक्षियों के लिए लगाए गए पालसियों को भी पानी से भरकर उनकी प्यास बुझाने की व्यवस्था की गई। संस्था के राजकुमार व्यास ने बताया कि यह कार्य वन विभाग के गश्त कर रहे कर्मचारियों की रिपोर्ट और ग्रामीणों की मांग के आधार पर किया गया। इस सेवा अभियान का नेतृत्व छोटूलाल चूरा ने किया। इस कार्य में नेमीचंद आचार्य, महावीर सिंह सुरधना, राजेंद्र किराडू, राजेंद्र पारीक, शिवशंकर व्यास और मुकेश जोशी सहित कई समाजसेवियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। सेवा योजना की यह पहल जीवदया और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है, जो समाज में संवेदनशीलता और सेवा भाव का संदेश दे रही है।
