

शोभासर-बदरासर औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं को लेकर व्यापार उद्योग मंडल ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
बीकानेर। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर शोभासर-बदरासर इंडस्ट्रीज एरिया में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने औद्योगिक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के अभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को बताया कि शोभासर औद्योगिक क्षेत्र में अनेक औद्योगिक एवं वाणिज्यिक इकाइयाँ संचालित हो रही हैं, जिससे बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्योगपति एवं श्रमिक जुड़े हुए हैं। इसके बावजूद क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी हुई है, जिसके कारण उद्योग संचालकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की कई प्रमुख समस्याओं को विस्तार से उठाया। उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में नियमित पेयजल एवं औद्योगिक जल आपूर्ति की गंभीर समस्या बनी हुई है। पर्याप्त जल उपलब्ध नहीं होने से उद्योगों के संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसके साथ ही क्षेत्र में प्राथमिक चिकित्सा सुविधाओं का भी अभाव है। आकस्मिक परिस्थितियों में श्रमिकों एवं कर्मचारियों को तत्काल चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाती, क्योंकि वहां किसी प्रकार की डिस्पेंसरी या स्वास्थ्य केंद्र उपलब्ध नहीं है। प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से मांग की कि शोभासर-बदरासर औद्योगिक क्षेत्र में आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि उद्योगों को बेहतर वातावरण मिल सके और क्षेत्र का औद्योगिक विकास सुचारू रूप से आगे बढ़ सके। इस दौरान मेघाराम गोदारा, विमल चांडक, संदीप बुडानिया, दामोदर माहेश्वरी, लालचंद खीचड़ सहित अनेक उद्योगपति एवं व्यापारी उपस्थित रहे।
