

पांच दिवसीय जैन ओलम्पिक शुरू, तीन खिलाड़ियों का सम्मान
बीकानेर। जैन यूथ क्लब के तत्वावधान में पांच दिवसीय जैन ओलम्पिक बुधवार को रंग बिरंगी आतिशबाजी, मशाल प्रदर्शन व खिलाड़ियों के परिचय के बाद शुरू हुआ। समारोह में जैन समाज के प्रतिभावान खिलाड़ियों, सहयोगियों व भामाशाहों का अभिनंदन किया गया। गुरुवार से शाम चार बजे से रात 11 बजे तक विभिन्न खेलों में बाल, बालिका तथा युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। मुख्य अतिथि अखिल भारतीय साधुमार्गी जैन संघ के पूर्व अध्यक्ष चंपालाल डागा ने उद्घाटन अवसर पर कहा कि खेलकूद व योगा आदि स्वस्थ शरीर के लिए आवश्यक है। अतिथियों ने टेबल टेनिस के राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रमोद खजांची को लाइफ टाइम एचीवमेंट तथा नेशनल पिस्टल शूटर सुश्री सृष्टि डागा, टेबल टेनिस खिलाड़ी सुहानी बांठिया को ’’द राइजनिंग स्टॉर अवार्ड से सम्मानित किया। सम्मानित प्रमोद खजांची व सुश्री सृष्टि डागा ने ओलम्पिक खेल मशाल को थाम कर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। जैन यूथ क्लब के अध्यक्ष पारस डागा ने स्वागत भाषण में कहा कि संगठन की भावना है कि खेल के प्रति सभी जैन समाज के बालक-बालिकाओं में जागृत हो तथा उनका शारीरिक विकास हो सके।
