

हम विकसित भारत की तरफ बढ़ रहे, हर खेल में भारतीय खिलाड़ी बने चैंपियन
बीकानेर। राजस्थान राज्य सीनियर शतरंज प्रतियोगिता 2025 का उद्घाटन रविवार को मुख्य अतिथि उद्योग एवं वाणिज्य ,युवा मामले एवं खेल विभाग राज्य मंत्री श्री के.के.बिश्नोई ने किया। जय नारायण व्यास कॉलोनी में अग्रवाल समाज चेतना समिति भवन में आयोजित इस प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए श्री बिश्नोई ने कहा कि हम विकसित भारत की तरफ बढ़ रहे हैं लिहाजा आने वाले समय में हर खेल में भारतीय खिलाड़ी चैंपियन बने और अपने देश का नाम रोशन करे।
लुप्त हो रहे खेलों को फिर से मुख्यधारा में लाने की आवश्यकता
बिश्नोई ने कहा कि लुप्त हो रहे खेलों को भी फिर से मुख्यधारा में लाने की आवश्यकता है ताकि हम युवा पीढ़ी को मोबाइल की लत से दूर कर सकें। हाल ही में जोधपुर में लुप्त हो रहे ऐसे खेलों को लेकर लंगड़ी एक्सप्रेस के नाम से खेल आयोजन किया गया। गली, मोहल्लों में खेले जाने वाले खेलों को भी संयुक्त प्रयासों से फिर से जिंदा करने की आवश्यकता है।
हम चाहते हैं पाटों पर फिर से शतरंज आ जाए
बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास ने कहा कि पहले शहर के पाटों पर लोग शतरंज खेला करते थे। अब इसकी जगह मोबाइल ने ले ली है। लेकिन अब हम चाहते हैं कि पाटों पर फिर से शतरंज आ जाए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी कभी हारता नहीं है। कोई प्रथम आता है तो कोई दूसरे, तीसरे स्थान पर। खिलाड़ियों को प्रथम स्थान पर आने का प्रयास करते रहना चाहिए।
अखिल भारतीय शतरंज महासंघ के उपाध्यक्ष और राजस्थान शतरंज संघ के अध्यक्ष श्री महावीर रांका ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी प्रयास कर रहे हैं कि वर्ष 2036 के शतरंज ओलंपियाड का आयोजन भारत में हो।साथ ही कहा कि जल्द ही सरकारी स्कूलों के साथ साथ प्राइवेट स्कूलों के बच्चों को शामिल करते हुए कुल 51 लाख बच्चों को एक साथ शतरंज खिलाकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया जाएगा।मंच संचालन एशियन शतरंज संघ के पूर्व उपाध्यक्ष व भारतीय शतरंज संघ के पूर्व अध्यक्ष श्री एस. एल. हर्ष ने किया।
