

सीधा प्रसारण और जिला स्तरीय कार्यक्रम रवीन्द्र रंगमंच पर
बीकानेर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘बहनों का सुरक्षा-सम्मान पर्व’ के तहत ‘आंगनबाड़ी बहन सम्मान कार्यक्रम’ मंगलवार को जयपुर में आयोजित होगा। जिला स्तर पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक रवींद्र रंगमंच पर किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बहिनों से संवाद करेंगे तथा राखी बांधवाएंगे।
महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक सुभाष बिश्नोई ने बताया कि जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि के निर्देशानुसार जिला स्तरीय कार्यक्रम की सभी तैयारियां कर ली गई हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को विशेष सौगात दी जाएगी। मुख्यमंत्री द्वारा रक्षाबंधन के अवसर पर जिले में नियोजित लगभग तीन हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को 501 रुपए का हस्तांतरण संबंधित के बैंक खाते में किया जाएगा। साथ ही जिले की समस्त मानदेयकर्मियों को उपहार स्वरूप छाता एवं मिठाई वितरित की जाएगी।
