

कुशल भारत-स्वच्छ भारत पर सेमीनार और स्वच्छता रैली का आयोजन
बीकानेर। ‘ देशनोक के सर्वांगीण विकास के लिए हमें देशनोक को स्वच्छ और कुशल बनाना होगा। ये उद्बोधन ओम प्रकाश मूंधड़ा, अध्यक्ष नगरपालिका, देशनोक ने भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के सौजन्य से संचालित जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर द्वारा देशनोक नगर पालिका में आयोजित ‘कुशल भारत-स्वच्छ भारत’ सेमीनार के तहत अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में व्यक्त किए। मूंधड़ा ने कहा कि देशनोकवासी देशनोक को स्वच्छ और सुन्दर बनाने में नगरपालिका का सहयोग करें और भारत सरकार के कौशल विकास कार्यक्रमों से हाथ का कौशल सीखकर अपनी आत्मनिर्भरता की राह में आगे बढ़ें।
मुख्य अतिथि एडवोकेट गिरिराज मोहता, अध्यक्ष जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर ने कहा कि आमजन की सक्रिय सहभागिता से ही हर अभियान सफल होता है। इसलिए स्वच्छता को अभियान तक सीमित नहीं करें, इसे हमारे जीवन व्यवहार का प्रमुख संस्कार के रूप में अपनाना होगा। ताकि ये संस्कार पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ता रहे।
संस्थान के निदेशक ओम प्रकाश सुथार ने कहा कि क्रिया के बिना ज्ञान अधूरा होता है। इसलिए कार्य चाहे स्वच्छता को हो अथवा कौशल विकास का हो सफलता हमें तब ही मिलेगी जब हम अपने कार्य के प्रति तत्पर रहेंगे क्योंकि तत्परता से हम क्रियाशील बनते हैं।
कार्यक्रम का संयोजन करते हुए संस्थान के कार्यक्रम अधिकारी महेश उपाध्याय ने आगंतुकों का स्वागत करते हुए जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर द्वारा देशनोक में किए गए कौशल विकास कार्यक्रमों की उपलब्धियों के बारे में बताया गया।
इस महत्वपूर्ण आयोजन में देशनोक के गणमान्य व्यक्तित्वों में से जगदीश शर्मा, गजानन स्वामी, सहस्रकिरण देपावत, ताराचंद दर्जी, पंकज जोशी, ब्रजगोपाल मूंधड़ा सहित संस्थान की संदर्भ व्यक्तियों में से रोशनी कातेला, पूजा कुमावत, प्रियंका चौहान आदि की सक्रिय सहभागिता रही।
