Rajasthan

हरियालो राजस्थान के तहत लगेंगे 20 लाख पौधे

हरियालो राजस्थान के तहत लगेंगे 20 लाख पौधे
जयपुर। खान विभाग के प्रमुख सचिव टी. रविकान्त ने कहा है कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के निर्देशन में खान विभाग द्वारा प्रदेश में हरियालो राजस्थान अभियान के दौरान व्यापक वृक्षारोपण/पौधारोपण अभियान चलाते हुए 20 लाख पौधे लगाये जाएंगे। विभाग के फील्ड अधिकारियों को मानसून से पहले पौधारोपण/वृक्षारोपण के लक्ष्य जारी करने के साथ ही पौधारोपण/वृक्षारोपण की आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दे दिए गए हैं। अतिरिक्त निदेशक माइन्स श्री महेश माथुर को राज्यस्तरीय नोडल अधिकारी बनाते हुए फील्ड स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने और मोनेटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है।प्रमुख सचिव श्री टी. रविकान्त ने बताया कि हरियालो राजस्थान अभियान के दौरान वृक्षारोपण/पौधारोपण में माइन्स धारकों, माइनिंग एसोसिएशनों, विभागीय अधिकारियों और बडे़ माइनिंग संस्थानों की सहभागिता तय की जाएगी। प्रदेश में मेजर व माइनर मिनरल की छोटी बड़ी 30 हजार से अधिक माइंस है। विभागीय अधिकारी माइंस धारकों से समन्वय बनाते हुए पौधारोपण करवायेंगे ताकि वृहद स्तर पर पौधारोपण हो सके। अभियान के दौरान छायादार-फलदार वृक्षों में नीम, बड़, पीपल, आम, शहतूत, शीशम, गुलमोहर, अशोक, जामुन आदि भौगोलिक स्थितियों के अनुसार कम पानी और जल्दी बढ़ने वाले वृक्षों और पौधों को लगाने में प्राथमिकता दी जाएगी। पौधारोपण में खनन क्षेत्रों, खनिज क्षेत्र के रास्तों, आसपास के क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी।
नोडल अधिकारी अतिरिक्त निदेशक श्री महेश माथुर ने बताया कि माइनिंग इंजीनियर, सहायक माइनिंग इंजीनियर के कार्यालयवार पौधारोपण वृक्षरोपण के लक्ष्य आवंटित करने के साथ ही फील्ड अधिकारियों द्वारा स्थान का चयन करना आरंभ कर दिया है। उन्होंने बताया कि उदयपुर, राजसंमद प्रथम एवं द्वितीय, आमेट, भीलवाड़ा, बिजौलिया और जयपुर एमई/एएमई को डेढ़-डेढ़ लाख वृक्षारोपण/पौधारोपण के लक्ष्य दिए गए हैं वहीं अलवर, झुन्झुनू, सीकर, जोधपुर, बाड़मेर एमई-एएमई को एक एक लाख पौधे-वृक्ष लगाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके साथ ही अन्य कार्यालयों को भी लक्ष्य जारी कर आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *