

जलदाय परियोजनाओं में देरी से बढ़ी पानी की समस्या
बीकानेर। डॉ. बुलाकी दास कल्ला ने जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता एवं अधीक्षण अभियंता से मुलाकात कर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय स्वीकृत जलदाय परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। डॉ. कल्ला ने बताया कि उन्होंने हाल ही में इन परियोजनाओं का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान बीछवाल क्षेत्र में लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण पाया गया, लेकिन पाइपलाइन से जुड़ी कुछ तकनीकी समस्याओं के कारण पिछले छह माह से कार्य बंद पड़ा है। उन्होंने कहा कि यदि यह कार्य समय पर पूरा हो जाता तो वर्तमान भीषण गर्मी में बीकानेरवासियों को पानी की किल्लत का सामना नहीं करना पड़ता। डॉ. बुलाकी दास कल्ला ने बताया कि परियोजना के तहत प्रस्तावित 15 पानी की टंकियों में से केवल 7 टंकियां ही बनकर तैयार हुई हैं, जबकि शेष 8 टंकियों का कार्य अभी प्रक्रियाधीन है। उन्होंने अधिकारियों से तैयार टंकियों को शीघ्र पाइपलाइन से जोड़कर उनका उपयोग शुरू करने की मांग की, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
