

‘तीज तिरंगा मेहंदी प्रतियोगिता’ के पोस्टर व लोगो का विमोचन, महिलाओं से भागीदारी का आह्वान
बीकानेर। वंदे मातरम मातृशक्ति टीम द्वारा महिला मंडल स्कूल में आयोजित होने वाली ‘तीज तिरंगा मेहंदी प्रतियोगिता’ के पोस्टर एवं लोगो का विमोचन व्याख्याता ममता सिंह ने किया। इस अवसर पर आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए महिलाओं से अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया गया। गीता खड़खोड़िया ने बताया कि 15 अगस्त की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी महिलाओं को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। कामिनी भोजक ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इसमें भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। इस अवसर पर सुमित्रा सेन, राधा खत्री, जसोदा खत्री, मधु ओझा सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं। आयोजन समिति ने इसे तीज पर्व, देशभक्ति और महिला सशक्तिकरण की भावना से जोड़ने का प्रयास बताया।
