

उत्साह पूर्वक मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस
बीकानेर। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को जिला स्तरीय ‘‘जनजातीय गौरव दिवस’’ कार्यक्रम उत्साह पूर्वक मनाया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ साथ जिले भर में ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम सूचना,प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के अटल सेवा केन्द्र परिसर में आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास थे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण भी किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा शिविर लगाकर बीपी, शुगर सहित असंक्रामक रोगों की निशुल्क जांच सेवा तथा निशुल्क दवा उपलब्ध करवाई गई ।जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि बिरसा मुंडा जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे, जिन्होंने ब्रिटिश उपनिवेशवाद और धर्मांतरण के प्रयासों के विरुद्ध आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा उनकी जयंती को जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय जनजातीय समुदाय के गौरव, संघर्ष और योगदान को सम्मान देने का प्रतीक है।
प्रदर्शनी का किया अवलोकन
अटल सेवा केन्द्र परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास द्वारा जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग की योजनाओं एवं उपलब्धियों तथा राजीविका के स्वयं सेवा समूहों द्वारा निर्मित विभिन्न हस्तनिर्मित उत्पादों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम और प्रदर्शनी का आयोजन जिला परिषद की ओर से किया गया। इस अवसर पर जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर के प्रशिक्षणार्थियों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कोलायत और जामसर से आए लोक कलाकारों नाथू खां, शकूर मिरासी, मांगी बाई इत्यादि ने लोक गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी।
