Bikaner Bikaner District Rajasthan

भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर 3 दिवसीय आयोजन, 17 को निकलेगी शोभायात्रा

भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर 3 दिवसीय आयोजन, 17 को निकलेगी शोभायात्रा
बीकानेर। परशुराम शोभायात्रा एवं समारोह समिति के बैनर तले भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के अवसर पर तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। समिति अध्यक्ष सुशील पंचारिया ने बताया कि इस आयोजन को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है और व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के पहले दिन 17 अप्रैल को एम.एम. ग्राउंड से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी, जिसमें नत्थूसर गेट, बारहगुवाड़, मोहता चौक सहित विभिन्न मार्ग शामिल रहेंगे और अंत में जस्सूसर गेट पर इसका समापन होगा। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।
दूसरे दिन 18 अप्रैल को रतन बिहारी पार्क तथा एम.एम. ग्राउंड के पास स्थित परशुराम सर्किल पर दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु भगवान परशुराम के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए दीप प्रज्वलित करेंगे और वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे। तीसरे दिन 19 अप्रैल को बांद्राबास स्थित परशुराम मंदिर में भगवान परशुराम की विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। इसमें समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होकर पूजा-अनुष्ठान करेंगे और मंगलकामनाएं करेंगे। इस आयोजन के तहत पोस्टर का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर वाई.के. शर्मा, देवीदत्त शर्मा, रवि कलवाणी, डॉ. श्रीकांत व्यास, रजत दाधीच, मोहित जोशी, महेश ओझा, रविशंकर पुरोहित और लक्ष्मी पारीक सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। रवि कलवाणी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह शोभायात्रा वर्ष 2014 से 2020 तक लगातार आयोजित होती रही, लेकिन कोरोना काल के चलते इसे कुछ समय के लिए स्थगित करना पड़ा। वर्ष 2025 से इस परंपरा को पुनः प्रारंभ किया गया है। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा को सफल बनाने के लिए समिति द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। प्रतिदिन प्रचार रथ विभिन्न मोहल्लों में जाकर समाज बंधुओं को आमंत्रित कर रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोग इस धार्मिक आयोजन में भाग लेकर इसे सफल बना सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *