

सात दिवसीय उछब थरपणा का समापन
बीकानेर। नगर स्थापना दिवस के अवसर पर होने वाले आयोजनों की श्रृंखला में आयोजित 7 दिवसीय ‘उछब थरपणा’ के तहत समारोह का समापन 35 युवा कलाकारों द्वारा 20 विभिन्न कला अनुशासनों की प्रदर्शनी के अवलोकन के साथ संपन्न हुआ। उछब थरपणा समापन समारोह के मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानन्द व्यास ने युवा कलाकारों की भव्य कला प्रदर्शनी का अवलोकन कर सभी 35 युवा कलाकारों का उत्साहवर्द्धन एवं प्रोत्साहन देते हुए सम्मान किया जिसमें माला, सम्मान पत्र एवं प्रतीक चिह्न सभी को अर्पित किया गया।
समापन समारोह में अपने विचार व्यक्त करते हुए विधायक जेठानन्द व्यास ने कहा कि बीकानेर की युवा कला प्रतिभाएं अपनी समृद्ध कला परंपरा से जुड़कर नवाचार कर रही है। यह एक सुखद पहलू है। इस अवसर पर डीपी पच्चीसीया ने युवा कलाकारों के लिए ग्रामीण हट या अन्य उपयुक्त स्थल पर कला प्रदर्शन हेतु स्थान उपलब्ध कराने की भी मांग रखी।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए कमल रंगा ने कहा कि युवा कला प्रदर्शनी के माध्यम से 20 कलाओं की बेहतरीन कलाकृतियों ने पूरे वातावरण को कलामय बना दिया। समारोह का संचालन करते हुए वरिष्ठ कला विशेषज्ञ डॉ. राजेश किराडू ने कला के विभिन्न पक्षों को रेखांकित करते हुए उछब थरपणा के महत्व को साझा किया। इसी संदर्भ में सभी का आभार युवा संस्कृतिकर्मी आशीष रंगा ने ज्ञापित किया।
