

उत्कृष्ट कार्य पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दो बीएलओ को किया सम्मानित
बीकानेर। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रारम्भिक अवधि में ही मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन सुनिश्चित कर राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में उल्लेखनीय योगदान देने पर दो बीएलओ श्री जीव राज सिंह और श्री हुकुम चंद सैन को मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवीन महाजन द्वारा वीसी के जरिए सम्मानित किया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में समयबद्धता अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। दोनों बीएलओ ने निर्धारित समय से पहले सभी प्रपत्रों का डिजिटाइज कार्य पूर्ण कर अपनी निष्ठा, परिश्रम और उत्कृष्ट कार्य-शैली का परिचय दिया है। इसी सराहनीय योगदान के लिए उन्हें सम्मानित किया गया है।उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों में शुद्धता व पारदर्शिता सुनिश्चित करने में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। राज्य भर में बीएलओ विशेष पुनरीक्षण कार्य को गति प्रदान कर रहे हैं मुख्य निर्वाचन अधिकारी का प्रशस्ति पत्र जिला मुख्यालय पर दोनों बीएलओ को संभागीय आयुक्त श्री विश्राम मीणा और अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मयंक मनीष द्वारा प्रदान किया गया। । इस अवसर पर निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी बीकानेर (आईएएस) सुश्री महिमा कसाना, आईएएस सुश्री स्वाति शर्मा, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त श्री जसवंत सिंह,चुनाव शाखा प्रभारी श्री शिव कुमार पुरोहित समेत अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
