

प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित
बीकानेर। ’किसी भी समाज का भविष्य शिक्षा पर टिका है। शिक्षित व्यक्ति ही समाज का मार्गदर्शन कर सकता है। कोई भी समाज, शिक्षा से ही प्रगति के पथ पर अग्रसर होता है।’ पशुपालन, गोपालन, डेयरी व देवस्थान विभाग मंत्री जोराराम कुमावत ने रविवार को श्रीडूंगरगढ़ में प्रजापति शिक्षा सेवा समिति द्वारा आयोजित श्रीडूंगरगढ़ स्तरीय प्रजापति समाज के प्रतिभा सम्मान समारोह में यह उद्गार व्यक्त किए। प्रजापति समाज के छात्रावास स्थल पर आयोजित इस कार्यक्रम में मंत्री श्री कुमावत ने प्रजापति समाज को एक मंच पर लाने के लिए आयोजकों का आभार जताया। उन्होंने समाज के युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में कड़ी मेहनत करने की बात कही। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे श्रीयादे माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रह्लाद राय टाक ने समाज के बच्चों और युवाओं को संकल्प के साथ तैयारी करने और प्रशासनिक सेवाओं में आने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं होने की बात कहते हुए राजनीति, सरकारी नौकरियों व समाजसेवा में नाम कमाने की प्रेरणा दी। विशिष्ट अतिथि श्री चंपालाल गेधर ने भी समारोह को संबोधित किया एवं सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी व समाज को राजनैतिक रूप से जागरूक होने का आह्वान किया।कार्यक्रम में कक्षा 10वीं, 12वीं एवं उच्च स्तरीत शिक्षा परीक्षाओं में उच्च नम्बर प्राप्त करने वाले एवं सरकारी सेवाओं में चयनित होने वाली समाज की 150 से अधिक युवा प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सैंकड़ों की संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
