Bikaner Bikaner District Rajasthan

‘सुपर-50’ कार्यक्रम, प्रतिभावान विद्यार्थियों को मिलेगी नि:शुल्क मार्गदर्शन व आर्थिक सहायता

‘सुपर-50’ कार्यक्रम, प्रतिभावान विद्यार्थियों को मिलेगी नि:शुल्क मार्गदर्शन व आर्थिक सहायता
बीकानेर। जिले के प्रतिभावान एवं आर्थिक रूप से जरूरतमंद विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन, संसाधन एवं आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा ‘सुपर-50’ कार्यक्रम प्रारंभ किया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत जिले के 50 मेधावी विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें करियर निर्माण में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। केंद्रीय विधि एवं न्याय तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने करियर काउंसलिंग कार्यक्रम के दौरान इस योजना की घोषणा की। उन्होंने बताया कि सुपर-50 कार्यक्रम के तहत चयनित विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक शैक्षणिक मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री, संसाधन एवं आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीकानेर में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन कई विद्यार्थी संसाधनों एवं उचित मार्गदर्शन के अभाव में अपने सपनों को साकार नहीं कर पाते। इसी को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट ने यह पहल की है, ताकि जिले का कोई भी होनहार विद्यार्थी अवसरों के अभाव में पीछे न रह जाए। योजना के तहत दसवीं एवं बारहवीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों का चयन एक विशेषज्ञ समिति द्वारा किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को नीट, संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) सहित अन्य प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, रामगोपाल सुथार, रवि शेखर मेघवाल, रामेश्वरानंद महाराज, मदन स्वामी तथा चंद्रशेखर श्रीमाली सहित अन्य वक्ताओं ने भी विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *