Bikaner Bikaner District Rajasthan

विद्यार्थियों ने दिया जीव संरक्षण का संदेश

विद्यार्थियों ने दिया जीव संरक्षण का संदेश
बीकानेर। भीषण गर्मी के बीच पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से करुणा क्लब इकाई द्वारा शहर में विभिन्न स्थानों पर पालसियों की व्यवस्था कर सराहनीय पहल की गई। क्लब के विद्यार्थी सदस्यों ने सेवा भाव के साथ करीब 350 पालसिये लाकर उन्हें शहर के प्रमुख धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर वितरित किया तथा उनमें पानी भरकर पक्षियों के लिए सुरक्षित स्थानों पर रखा। इस अभियान के तहत उदयगिरि समाधि स्थल, राजराजेश्वरी मंदिर, त्रिपुरा सुन्दरी मंदिर, सती माता मंदिर, हाड़ी कुण्डी बगेची, राजस्थान साहित्य अकादमी सहित विभिन्न बाग-बगीचों और बगेचियों में पालसिये लगाए गए। विद्यार्थियों ने वहां के प्रमुख लोगों को पालसिये भेंट करते हुए नियमित रूप से उनमें पानी भरने का आग्रह भी किया। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता राजेश रंगा ने विद्यार्थियों की इस संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए कहा कि सच्चा मानव वही है जो अपने साथ-साथ अन्य जीवों और प्रकृति के बारे में भी सोचता है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना मानवीय संवेदनाओं का श्रेष्ठ उदाहरण है। करुणा क्लब के सदस्यों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में जीवों के प्रति दया, संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना है। क्लब की ओर से आगामी दिनों में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रखने की बात कही गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *