Bikaner Bikaner District Rajasthan

11 हजार हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से जागृत हुई आध्यात्मिक चेतना

गूंजी 11 हजार हनुमान चालीसा, भक्ति और श्रद्धा से सराबोर हुआ वातावरण
बीकानेर। वन्देमातरम टीम द्वारा संचालित सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ की श्रृंखला के अंतर्गत हीरेश्वर महादेव मंदिर में 11 हजार हनुमान चालीसा एवं चौपाइयों का सामूहिक पाठ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। मंदिर परिसर भक्तिरस से सराबोर हो उठा और जय श्रीराम व जय बजरंगबली के उद्घोष से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया। इस अवसर पर विशोकानंद महाराज ने कहा कि जहां भगवान श्रीराम का स्मरण होता है, वहां स्वयं पवनपुत्र हनुमान का दिव्य वास हो जाता है। वहीं क्षमाराम महाराज ने कहा कि अटूट श्रद्धा, विश्वास और समर्पण का साक्षात स्वरूप भगवान श्री बजरंगबली हैं। जिन पर वीर हनुमान की कृपा होती है, उनका जीवन मंगलमय और सफल बन जाता है। कार्यक्रम में सरजूदास महाराज, किशन श्याम सुंदर महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। वन्देमातरम टीम के विजय कोचर ने कहा कि धर्म और अध्यात्म मनुष्य के जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाली ऐसी शक्ति है, जो मानसिक तनाव और निराशा को दूर कर आत्मविश्वास का संचार करती है। कार्यक्रम के दौरान योग गुरु धर्म सोनी, गुरु दिलीप पुरी एवं उनकी 21 सदस्यीय टीम का स्वागत एवं सम्मान किया गया। अंत में सभी श्रद्धालुओं ने राष्ट्र और समाज के सुख, शांति तथा समृद्धि की मंगलकामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *