

शहर में सुबह 7 से रात 11 तक बड़े वाहनों के लिए रहेगी नो एंट्री
बीकानेर। शहर में बड़े वाहनों की एंट्री रोकने के लिए शहर के चारों ओर मुख्य मार्गों पर छह नाके लगाए जाएंगे। जहां पुलिस जाप्ता राउंड द क्लॉक तैनात रहेगा। ये नाके आगामी 15 दिन में शुरू हो जाएंगे। ये नाके जैसलमेर रोड़ पर गांधी प्याऊ के पास, श्रीगंगानगर रोड़ पर कल्पतरु के पास, नोखा रोड़ पर भीनाशहर में, जयपुर रोड़ पर हल्दीराम प्याऊ के पास, जयपुर-जोधपुर बाईपास पर घड़सीसर में और बिछवाल में जयपुर बाईपास पर लगाए जाएंगे। साथ ही शहर में सुबह 7 से रात 11 बजे तक बड़े वाहनों के लिए नो एंट्री रहेगी। केवल आवश्यक सामग्री वाले और लोडिंग, अनलोडिंग वाले वाहन ही शहर में आ सकेंगे।
जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में शहर से नाल सिविल एयरपोर्ट तक सड़क के दोनों ओर रोड़ लाइट लगाने, नेशनल हाइवे से नाल एयरपोर्ट मोड़ पर सर्किल बनाने और नाल सिविल एयरपोर्ट से नेशनल हाइवे तक की सड़क का निर्माण व रखरखाव कार्य एनएचएआई को देने, म्यूजियम सर्किल से श्रीगंगानगर रोड़ पर जयपुर बाईपास रोड़ का निर्माण कार्य अतिशीघ्र शुरू करने, जैसलमेर रोड़ पर सर्विस लाइन से अतिक्रमण हटाने, पूगल फांटे से ओवरब्रिज तक अतिक्रमण हटानेे का निर्णय लिया गया।
