Bikaner Bikaner District Rajasthan

सरदार@150 यूनिटी मार्च: हजारों लोगों ने निभाई भागीदारी, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की ली शपथ

सरदार@150 यूनिटी मार्च: हजारों लोगों ने निभाई भागीदारी, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की ली शपथ
बीकानेर। सरदार वल्लभभाई पटेल के 150वें जयंती वर्ष के अवसर पर शुक्रवार को पटेल@150 यूनिटी मार्च का आयोजन हुआ। कलेक्ट्रेट परिसर से हजारों की संख्या में शहरवासियों की भागीदारी रही। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लिए ‘भारत माता की जयघोष’ और ‘सरदार पटेल अमर रहे’ के नारों के साथ भाग लिया। राजस्थान पुलिस के बैंड ने देशभक्ति से ओतप्रोत सुमधुर स्वरलहरियां बिखेरी। संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने पब्लिक पार्क परिसर में राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के पश्चात रियासतों के एकीकरण में सरदार वल्लभ भाई पटेल के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि हमें सरदार पटेल जैसे महापुरुषों के व्यक्तित्व और कृतित्व का अनुसरण करना चाहिए।
श्याम पंचारिया ने कहा कि सरदार पटेल के 150वें जयंती वर्ष पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में विभिन्न आयोजन हो रहे हैं। इनसे देशवासियों को सरदार पटेल के व्यक्तित्व और आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान की जानकारी मिलेगी।
श्रीमती सुमन छाजेड़ ने कहा कि देश भर में हो रही यूनिटी मार्च देशवासियों के मन में राष्ट्र भक्ति की भावना जागृत करेगी। उन्होंने आह्वान किया कि सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोग भागीदारी निभाएं। कार्यक्रम में एनएसएस, एनसीसी, राजस्थान पुलिस, पुलिस ट्रेनिंग स्कूल, आरएसी, स्काउट गाइड, खिलाड़ी, स्कूल और कॉलेज शिक्षक एवं विद्यार्थी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, कार्मिक स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा आमजन की भागीदारी रही। कार्यक्रम का संचालन संजय पुरोहित ने किया। यूनिटी मार्च संभागीय आयुक्त तथा जिला कलेक्टर के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट से रवाना होकर गांधी पार्क, मेजर पूर्ण सिंह सर्किल, ब्रह्माकुमारी सर्किल होते हुए सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज पहुंची। इसमें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के साइकिल धावकों ने भी भागीदारी निभाई।
रैली के मेडिकल कॉलेज पहुंचने के बाद संभागीय आयुक्त और जिला कलेक्टर सहित सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र वर्मा के नेतृत्व में यहां कॉलेज और पीबीएम अस्पताल के स्टाफ सदस्य तथा मेडिकल विद्यार्थी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *