

चानी में च्यवन ऋषि मंदिर-गोरखनाथ धूणा पर धार्मिक आयोजन, उमड़े सैकड़ों श्रद्धालु
बीकानेर। ग्राम चानी स्थित प्राचीन च्यवन ऋषि मंदिर-श्री गोरखनाथ धूणा पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महंत योगी बृजनाथ महाराज के परम शिष्य एवं च्यवन ऋषि मंदिर के महंत योगी रामचन्द्र नाथ महाराज के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विजय छनाव कार्यक्रम मदन जैरी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कोलायत क्षेत्र सहित बीकानेर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों गुरु भक्तों ने भाग लिया। धूणा पूजन, गोरखनाथ जी का अभिषेक एवं हवन के बाद संकीर्तन का आयोजन किया गया। दोपहर बाद भंडारा प्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। संध्या काल में भजन संकीर्तन मंडली द्वारा गोरखवाणी एवं निर्गुण भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं। भजनों के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव में नजर आए और मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहा। महंत योगी रामचन्द्र नाथ ने कहा कि च्यवन ऋषि की तपोभूमि चानी में स्थित गोरखनाथ धूणा सैकड़ों वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से क्षेत्र की आध्यात्मिक परंपराओं और गुरु भक्ति की भावना को आगे बढ़ाया जा रहा है।
