Bikaner Bikaner District Rajasthan Sports

फेडरेशन कप रोलर डर्बी में राजस्थान का दबदबा, यूपी ने भी दिखाया दमखम

फेडरेशन कप रोलर डर्बी में राजस्थान का दबदबा, यूपी ने भी दिखाया दमखम
बीकानेर। महाराजा डॉ. करणी सिंह फेडरेशन कप रोलर डर्बी चैम्पियनशिप के दूसरे दिन मुकाबलों में रोमांच चरम पर रहा। मेजबान राजस्थान की टीमों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की, वहीं उत्तर प्रदेश की टीमों ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए कई मुकाबले बड़े अंतर से अपने नाम किए। वर्ल्ड स्केट एशिया रोलर डर्बी टेक्निकल कमेटी के सदस्य एवं आरएसएफआई रोलर डर्बी चेयरमैन तथा आरएसएफआई के वाइस प्रेसिडेंट संदीप भटनागर एवं मुख्य रेफरी राजीव शर्मा के निर्देशन में रेफरियों की टीम की देखरेख में दूसरे दिन के मुकाबले खेले गए। बालक वर्ग में मेजबान राजस्थान ने उत्तर प्रदेश को कड़े एवं रोमांचक मुकाबले में 48-25 अंकों से पराजित किया। राजस्थान के खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में बेहतरीन तालमेल और रणनीति का प्रदर्शन किया। वहीं बालिका वर्ग में राजस्थान ने तेलंगाना को 35-21 अंकों से शिकस्त दी। बालिका वर्ग के एक अन्य मुकाबले में राजस्थान ने कर्नाटक को 52-31 अंकों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इसी वर्ग के दूसरे मुकाबले में भी राजस्थान ने कर्नाटक को 24-09 अंकों से मात दी। दूसरे दिन उत्तर प्रदेश की टीमों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग में उत्तर प्रदेश ने तेलंगाना को 82-21 अंकों के बड़े अंतर से पराजित किया। वहीं बालक वर्ग में उत्तर प्रदेश ने तेलंगाना को 82-18 अंकों से एकतरफा शिकस्त दी। दिन के प्रमुख मुकाबलों में उत्तर प्रदेश और कर्नाटक के बीच हुआ बालक वर्ग का मुकाबला भी खासा रोमांचक रहा। इसमें उत्तर प्रदेश ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए कर्नाटक को 100-20 अंकों के विशाल अंतर से हराया। इस मुकाबले में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने शतक का आंकड़ा छुआ। दूसरे दिन खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से मैदान पर मौजूद खेलप्रेमियों में खासा उत्साह नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *