

रांका चैरिटेबल ट्रस्ट को पंजाब राज्यपाल ने किया सम्मानित
बीकानेर। रामलाल सूरज देवी रांका चैरिटेबल ट्रस्ट को सामाजिक सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यों के लिए गुलाबचंद कटारिया द्वारा सम्मानित किया गया। विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर पंजाब लोक भवन में आयोजित समारोह में ट्रस्ट के प्रतिनिधि पवन महनोत एवं रमेश भाटी को राज्यपाल कटारिया ने परोपकार पुरस्कार प्रदान किया। इस दौरान घनश्याम जाजड़ा भी उपस्थित रहे। पवन महनोत ने बताया कि ट्रस्ट के संरक्षक महावीर रांका के नेतृत्व में शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा, समाजसेवा, गौसेवा एवं जीव दया के क्षेत्र में लगातार सेवा कार्य किए जा रहे हैं। कोरोना महामारी के दौरान ट्रस्ट द्वारा लाखों मास्क, सैनिटाइजर, पीपीई किट, ऑक्सीजन सिलेंडर, आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं तथा वैक्सीनेशन शिविरों का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि महामारी के कठिन समय में प्रतिदिन हजारों जरूरतमंद लोगों को भोजन पैकेट एवं सूखा राशन वितरित किया गया। इसके अलावा गोचर भूमि, ओरण एवं गौशालाओं में हरे चारे और सब्जियों की व्यवस्था भी ट्रस्ट द्वारा करवाई गई। ट्रस्ट की ओर से महिलाओं को सिलाई प्रशिक्षण एवं सिलाई मशीन वितरण, पौधरोपण, जल सेवा, मटकियों का वितरण, स्वास्थ्य उपकरण उपलब्ध करवाने तथा बालिका गृहों में सहयोग जैसे अनेक सामाजिक कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। ट्रस्ट की इन सेवाओं की समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा सराहना की जा रही है।
