

बच्चों को बांटी संदेश लिखी पतंगें
बीकानेर। बीकानेर स्थापना दिवस और अक्षय तृतीया के अवसर पर शहर में चाइनीज मांझे के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में विधायक जेठानन्द व्यास की उपस्थिति में ‘नो चाइनीज मांझा’ स्लोगन लिखी पतंगों का वितरण किया गया। करमीसर रोड स्थित झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों को पतंगें वितरित कर उन्हें सुरक्षित पतंगबाजी के प्रति जागरूक किया गया। बच्चों को समझाया गया कि चाइनीज मांझा न केवल पक्षियों के लिए घातक है, बल्कि आमजन, दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी गंभीर खतरा बन चुका है। इस अवसर पर श्रीनारायण आचार्य ने कहा कि चाइनीज मांझे के उपयोग पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल प्रशासनिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आकर इसका विरोध करना होगा, तभी इस खतरनाक मांझे पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी। विधायक जेठानन्द व्यास ने कहा कि बीकानेर की पतंगबाजी की परंपरा हमेशा से उत्साह और उल्लास की रही है, लेकिन चाइनीज मांझे के बढ़ते उपयोग ने इस परंपरा को खतरनाक बना दिया है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष चाइनीज मांझे के कारण कई लोग घायल होते हैं और बड़ी संख्या में पक्षियों की जान चली जाती है, जो चिंता का विषय है।
कार्यक्रम के दौरान रमेश व्यास, अनिल बिस्सा, नवनीत पुरोहित, नटवर ओझा सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। अभियान के माध्यम से शहरवासियों से अपील की गई कि वे सुरक्षित और पारंपरिक सूती मांझे का ही उपयोग करें तथा चाइनीज मांझे का पूरी तरह बहिष्कार करें, ताकि त्योहार का आनंद सुरक्षित और सुखद बना रहे।
