

जोशी के राजस्थानी कहानी संग्रह ‘सारंगी’ का लोकार्पण, साहित्यकारों ने की सराहना
बीकानेर। साहित्यकार एवं कथाकार राजेन्द्र जोशी के राजस्थानी कहानी संग्रह ‘सारंगी’ का लोकार्पण पोकरमल राजरानी गोयल चेरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित समारोह में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थानी के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. अर्जुन देव चारण ने की। मुख्य अतिथि के रूप में साहित्यकार एवं कथाकार मालचंद तिवाड़ी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मधु आचार्य उपस्थित रहे। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. अर्जुन देव चारण ने कहानी कहन की शैली और कथानक की संरचना पर विस्तार से विचार व्यक्त करते हुए कहा कि राजेन्द्र जोशी अपने पात्रों और विषय के अनुरूप विविधता से भरपूर कहानियां रचने की क्षमता रखते हैं कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. नरेश गोयल ने स्वागत उद्बोधन दिया। राजाराम स्वर्णकार ने राजेन्द्र जोशी की साहित्यिक एवं सामाजिक उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से श्रोताओं को परिचित कराया। इस अवसर पर कवयित्री एवं आलोचक डॉ. रेणुका व्यास ‘नीलम’ ने पत्रवाचन करते हुए ‘सारंगी’ संग्रह की सभी 13 कहानियों के शिल्प, कथ्य और वैचारिक पक्ष का विस्तार से विश्लेषण प्रस्तुत किया। समारोह में साहित्य प्रेमियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
