

स्व. रामकृष्ण दास गुप्ता की स्मृति में 10 नवंबर से एआईबीई-22 की निशुल्क कक्षाएं, अधिवक्ता क्रिकेट व बैडमिंटन प्रतियोगिताएं भी होंगी
बीकानेर। बार एसोसिएशन बीकानेर एवं ज्ञान विधि स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में स्व. रामकृष्ण दास गुप्ता अधिवक्ता की स्मृति में 10 से 25 नवंबर तक एआईबीई-22 की 15 दिवसीय निशुल्क कक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। अधिवक्ता धनराज सोनी के निर्देशन में ये कक्षाएं बार एसोसिएशन बीकानेर परिसर में संचालित होंगी। इसके लिए आवेदन 6 से 9 नवंबर तक बार एसोसिएशन कार्यालय से प्राप्त किए जा सकेंगे। बार एसोसिएशन अध्यक्ष ने बताया कि भारतीय विधिज्ञ परिषद की ओर से 29 नवंबर को आयोजित होने वाली एआईबीई-22 परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए ये निशुल्क कक्षाएं उपयोगी साबित होंगी। उन्होंने बताया कि बार एसोसिएशन की ओर से जिला स्तरीय चार दिवसीय अधिवक्ता क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 14 से 17 नवंबर तक सार्दुल क्लब मैदान में किया जाएगा। इसमें बार एसोसिएशन बीकानेर के साथ विभिन्न उपखंडों में कार्यरत बार एसोसिएशनों की टीमें भी भाग लेंगी। विभिन्न बार के अधिवक्ता खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। टूर्नामेंट के संयोजक अधिवक्ता राजकिशोर पणिया लक्ष्मण नायक एवं रोहित खन्ना होंगे।
इसके अलावा दो दिवसीय अधिवक्ता बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन 28 नवंबर से किया जाएगा। इसके मुख्य आयोजक भंवरलाल बिश्नोई होंगे। प्रतियोगिता का समापन 29 नवंबर को होगा। इन आयोजनों के माध्यम से अधिवक्ताओं को परीक्षा की तैयारी के साथ खेल गतिविधियों में सहभागिता और आपसी मेलजोल का अवसर मिलेगा।
