

21 आवंटियों को मिलेगी 70 हजार रुपए की निर्माण शुल्क छूट, घरों में बीडीए बनवाएगा रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम
बीकानेर। जोड़बीड़ आवासीय योजना में मकान बनाकर रहने वाले पहले 21 आवंटियों को बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) की ओर से निर्माण शुल्क में लगभग 70 हजार रुपए की छूट दी जाएगी। इसमें लेबर सेस शामिल नहीं होगा। इसके साथ ही इन 21 आवंटियों के घरों में बीडीए की ओर से लगभग 50 हजार रुपए की लागत से रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर का निर्माण भी करवाया जाएगा। यह घोषणा जोड़बीड़ आवासीय योजना में आयोजित जनसुनवाई एवं संवाद कार्यक्रम के दौरान की गई। कार्यक्रम में शिवबाड़ी क्षेत्र की सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। आयुक्त को शिवबाड़ी चौराहे से शिवबाड़ी मंदिर तक 800 मीटर लंबी सड़क की चौड़ाई 7 मीटर से बढ़ाकर 12 मीटर करने, सड़क के दोनों ओर लाइटें लगाने तथा नाली निर्माण करवाने के निर्देश दिए गए। वहीं शिवबाड़ी मंदिर से उष्ट्र अनुसंधान केंद्र तिराहे तक 2.6 किलोमीटर लंबी सड़क के दोनों ओर रोड लाइट लगाने, व्हाइट लाइनिंग करने तथा कैट आईज लगाने के निर्देश दिए गए। उष्ट्र अनुसंधान केंद्र तिराहे पर हाईमास्ट लाइट लगाने और उष्ट्र अनुसंधान केंद्र से जोड़बीड़ आवासीय योजना के मुख्य द्वार तक दोनों ओर की रोड लाइट दुरुस्त करने के लिए भी निर्देशित किया गया। योजना में आवंटियों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्य मार्ग का नामकरण सबसे पहले मकान बनाकर रहने वाले आवंटी के सुझाव के आधार पर किया जाएगा। इसी प्रकार विभिन्न गलियों में सबसे पहले मकान बनाने वाले आवंटी के सुझाव पर संबंधित गली का नामकरण किया जाएगा। ये नाम स्थायी रूप से प्रभावी रहेंगे। निर्माण कार्यों को सुगम बनाने के लिए खाद्य मंत्री ने निर्देश दिए कि बीडीए द्वारा एकल खिड़की व्यवस्था के तहत निर्माण स्वीकृति जारी की जाए। साथ ही योजना में पानी की स्थायी व्यवस्था होने तक निर्माण करवाने वाले आवंटियों को पर्याप्त पानी उपलब्ध करवाया जाए। इसके लिए यहां निर्मित 100 केएलडी क्षमता के टैंक से पाइपलाइन अथवा टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर स्नेहल धायगुड़े नाना, उम्मेद सिंह रतनू, कुणाल राहड़, उप महापौर पंकज गहलोत, वंदना शर्मा, पुनीत शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं आवंटी मौजूद रहे।
