

शिक्षा और लेखा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान
बीकानेर। शिक्षा और लेखा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए बीकानेर के दो प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। यूनाइटेड स्टेट ऑफ अमेरिका के सीडर ब्रुक विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षाविद् सुभाष जोशी एवं लेखा विशेषज्ञ दिनेश चुरा को मानद पीएचडी (डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी) की उपाधि प्रदान की गई है। अखिल भारतीय पुष्टिकर सेवा परिषद (युवा) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.जी. बिस्सा ने बताया कि पीएम श्री राजकीय सादुल उच्च माध्यमिक विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक एवं शिक्षाविद् सुभाष जोशी को शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए तथा स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के कोषाधिकारी दिनेश चुरा को लेखा एवं वित्तीय प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान दीक्षांत समारोह में प्रदान किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने दोनों प्रतिभाओं को मानद उपाधि देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद दीप सिंह राठौड़, भारत सरकार के मिनिस्ट्री ऑफ अफेयर्स विभाग के उपनिदेशक रघुवीर शर्मा, सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. प्रभात कुमार तथा नेपाल से पधारे विश्व गुरु डॉ. गौरी शंकर महाराज सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। सुभाष जोशी और दिनेश चुरा को मिली इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर बीकानेर के शिक्षा एवं लेखा जगत में हर्ष का वातावरण है। विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं बौद्धिक संगठनों ने दोनों को शुभकामनाएं देते हुए इसे बीकानेर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
