

बीकानेर। आज रामनवमी के पावन अवसर पर पूरे शहर में भक्ति, उल्लास और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव को मनाने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ राम मंदिरों में सुबह से ही उमड़ पड़ी। सुबह मंगल आरती, राम जन्म महोत्सव, और हवन-पूजन के साथ दिन की शुरुआत हुई। विशेष रूप से सजाए गए श्रीराम मंदिरों में झांकी, कीर्तन, और भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया।
राम जन्म की घड़ी पर जयकारों से गूंज उठा शहर
दोपहर 12 बजे, जब भगवान राम का जन्म हुआ माना जाता है, उस क्षण पूरे मंदिर परिसर में घंटियों की ध्वनि, शंखनाद और “जय श्री राम“ के नारों से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालु भावविभोर हो गए और एक-दूसरे को रामनवमी की शुभकामनाएं दीं।
हनुमान जी आगे के बांची भगवान राम की जन्मकुंडली
तेलीवाड़ा स्थित रघुनाथ मंदिर में वर्षों से रामनवमी के दिन भगवान राम की जन्मकुंडली का वाचन होता है। रविवार को मंदिर परिसर में स्थापित उत्तरमुखी हनुमान मंदिर के आगे भगवान राम की कुंडली बांची गई। रघुनाथ मंदिर महोत्सव से जुड़े अनिल बिस्सा ने बताया कि रंगा परिवार पीढ़ी दर पीढ़ी कुंडली का बांचन कर रहे है।
