Bikaner Bikaner District Rajasthan

कृषि संकाय में अध्ययनरत छात्राओं को मिलेगी 15 से 40 हजार रुपए तक प्रति वर्ष छात्रवृत्ति

कृषि संकाय में अध्ययनरत छात्राओं को मिलेगी 15 से 40 हजार रुपए तक प्रति वर्ष छात्रवृत्ति
बीकानेर। कृषि संकाय लेने वाली बेटियों को कृषि विभाग छात्रवृत्ति दे रहा है। इसी का परिणाम रहा कि छात्राओं का रुझान कृषि संकाय की ओर तेजी से बढ़ रहा है। कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक मदनलाल ने बताया कि विगत सालों में कृषि संकाय में अध्ययन करने वाली छात्राओं की संख्या हर साल तेजी से बढ़ रही है। बड़ी संख्या में छात्राएं कृषि, उद्यानिकी, डेयरी, कृषि अभियांत्रिकी व खाद्य प्रसंस्करण जैसे अध्ययन के नए क्षेत्रों में उतर रही हैं।
सहायक निदेशक उद्यान मुकेश गहलोत ने बताया कि कृषि शिक्षा में छात्राओं का रुझान ज्यादा से ज्यादा बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य योजनान्तर्गत कक्षा 11 व 12 में अध्ययनरत छात्राओं को 15 हजार, कृषि स्नातक व स्नातकोत्तर में अध्ययनरत छात्राओं को 25 हजार व पीएचडी की छात्राओं को 40 हजार रुपए सालाना छात्रवृत्ति प्रतिवर्ष स्वीकृत की जाएगी।  योजना प्रभारी कृषि अधिकारी कविता गुप्ता ने अवगत करवाया कि छात्रवृत्ति के लिए छात्राएं स्वयं एसएसओ आईडी से राज किसान साथी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन 31 जनवरी तक सम्बन्धित स्कूल, काॅलेज, विश्वविद्यालय के प्रमाणन के साथ कर सकती हैं। प्रोत्साहन राशि के लिए पहली बार आवेदन के लिए गत वर्ष की अंक तालिका, मूल निवास प्रमाण पत्र तथा जन आधार कार्ड आवश्यक है। कृषि विषय में अध्ययन करने वाली उन छात्रों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी जो राजस्थान की मूल निवासी हैं और राजकीय एवं राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त कृषि विद्यालय, महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय में अध्यनरत हैं। गत वर्ष अनुत्तीर्ण अथवा श्रेणी सुधार के लिए अगली कक्षा में प्रवेश लेने पर छात्राओं को प्रोत्साहन राशि नहीं दी जाएगी। सत्र के मध्य स्कूल कॉलेज विश्वविद्यालय छोड़कर जाने वाली छात्राएं प्रोत्साहन राशि के लिए पात्र नहीं होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *