

वन विभाग की कार्रवाई और सिंचाई संकट के विरोध में पूगल में किसानों का प्रदर्शन, 5 हजार से अधिक लोग शामिल
बीकानेर। सरकार की नीतियों, वन विभाग की कार्रवाई, बॉर्डर क्लीन अभियान के नाम पर कथित अतिक्रमण हटाने और सिंचाई पानी की कमी के विरोध में पूगल उपखंड मुख्यालय पर मंगलवार को व्यापक प्रदर्शन किया गया। गोविंदराम मेघवाल के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में खाजूवाला, पूगल और छतरगढ़ क्षेत्र से 5,000 से अधिक किसान, मजदूर, युवा, सरपंच, जनप्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता ट्रैक्टरों एवं पैदल मार्च के साथ शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने अम्बेडकर भवन से एसडीएम कार्यालय तक पैदल मार्च निकालकर जनसभा आयोजित की। सभा को संबोधित करते हुए गोविंदराम मेघवाल ने आरोप लगाया कि वन विभाग के नाम पर पाकिस्तान सीमा से 50 किलोमीटर के दायरे में गरीबों के मकान, दुकानों और छतरगढ़ की कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं तथा लोगों को बेदखली के नोटिस दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सांसद और विधायक इस मुद्दे पर मौन बने हुए हैं। मेघवाल ने सिंचाई पानी के संकट को भी प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि पोंग डैम में पर्याप्त जल उपलब्ध होने के बावजूद खाजूवाला क्षेत्र के किसानों को चार में से दो समूहों में सिंचाई पानी नहीं दिया जा रहा है। उनका आरोप था कि इससे नरमा, मूंगफली और मूंग जैसी खड़ी फसलें सूखकर खराब हो रही हैं। प्रदर्शन में नजरू खान सहित कई जनप्रतिनिधि, पंचायत समिति सदस्य और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने किसानों और प्रभावित परिवारों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
