

औद्योगिक क्षेत्रों की बिगड़ी सफाई व्यवस्था पर उद्यमियों में रोष, उद्योग संघ संभालेंगे सफाई की जिम्मेदारी
बीकानेर। रीको के अधीन आने वाले औद्योगिक क्षेत्रों में बिगड़ी सफाई व्यवस्था को लेकर रीको क्षेत्रीय कार्यालय एवं जिले के विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित सफाई नहीं होने को लेकर प्रतिनिधियों ने असंतोष जताया और रीको द्वारा सफाई कार्य नगर निगम को सौंपे जाने के बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित रूप से सफाई नहीं होने के कारण उद्यमियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह गंदगी रहने से औद्योगिक क्षेत्रों की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है तथा इसका प्रतिकूल असर औद्योगिक वातावरण पर भी पड़ रहा है। बैठक में रीको के मनोज बंसल के समक्ष औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहमति जताई कि संबंधित उद्योग संघ अपने-अपने औद्योगिक क्षेत्रों में अपने स्तर पर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। इसके बदले रीको लिमिटेड द्वारा संबंधित उद्योग संघों को सफाई कार्य पर होने वाले खर्च का नियमानुसार भुगतान किया जाएगा। इस व्यवस्था के लागू होने से औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई कार्य नियमित एवं प्रभावी रूप से होने की उम्मीद जताई गई। बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में बेहतर सफाई व्यवस्था उद्योगों के सुचारू संचालन और स्वच्छ वातावरण के लिए आवश्यक है। वर्तमान सफाई व्यवस्था से उद्यमी संतुष्ट नहीं हैं। उद्योग संघ अपने स्तर पर सफाई की जिम्मेदारी संभालकर व्यवस्था में सुधार करने के लिए तैयार हैं, लेकिन सफाई पर होने वाले खर्च का भुगतान रीको द्वारा नियमानुसार किया जाना चाहिए।
बैठक में विजय जोशी, विजय जैन, कन्हैयालाल बोथरा, अशोक सुराणा, किशोर पारीक, निर्मल पारख सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
