

डॉ. बेसरवारिया और डॉ. छाया शर्मा अंतरराष्ट्रीय जर्नल के संपादक मंडल में मनोनीत
बीकानेर। राजकीय डूंगर महाविद्यालय के हिंदी विभाग की सहायक आचार्य डॉ. शशि बेसरवारिया एवं डॉ. छाया शर्मा को अंतरराष्ट्रीय स्तर के दो प्रतिष्ठित जर्नल के संपादक मंडल में सदस्य मनोनीत किया गया है। इस उपलब्धि से महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित हुआ है। डॉ. शशि बेसरवारिया को जर्नल ऑफ इंटीग्रेटिव सोशल साइंसेज एंड ह्यूमैनिटीज तथा डॉ. छाया शर्मा को गेटवे इनसाइट्स जर्नल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंस के संपादक मंडल में सदस्य बनाया गया है। उल्लेखनीय है कि दोनों जर्नल पीयर-रिव्यूड (विशेषज्ञों द्वारा समीक्षित) एवं ओपन-एक्सेस जर्नल हैं। ये मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में अध्ययन, शोध और ज्ञान के विकास को समर्पित हैं। संपादक मंडल में दोनों शिक्षाविदों का मनोनयन उनके शैक्षणिक एवं अकादमिक योगदान की दृष्टि से महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
