Bikaner Bikaner District Rajasthan

मतदाता पंजीकरण में धीमी प्रगति पर 30 बीएलओ को नोटिस, 23 अक्टूबर तक मांगा स्पष्टीकरण

मतदाता पंजीकरण में धीमी प्रगति पर 30 बीएलओ को नोटिस, 23 अक्टूबर तक मांगा स्पष्टीकरण
बीकानेर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के नव मतदाताओं तथा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित पात्र नागरिकों के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बीकानेर पश्चिम विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता पंजीकरण की धीमी प्रगति पर 30 बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (नगर) श्रीमती रीना छींपा की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में नव मतदाता पंजीकरण की प्रगति का जायजा लिया गया। बैठक में सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं तहसीलदार श्री विवेक चौधरी, नायब तहसीलदार श्री मनोज पुरोहित सहित क्षेत्र के सभी सुपरवाइजर तथा न्यूनतम प्रगति वाले 30 बीएलओ उपस्थित रहे। बैठक में 1 से 20 अक्टूबर तक नव मतदाता पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित 30 बीएलओ की लक्ष्य प्राप्ति लगभग 2.63 प्रतिशत से 15.15 प्रतिशत के बीच पाई गई, जो निर्धारित अपेक्षाओं से काफी कम है। निर्वाचक पंजीयन अधिकारी श्रीमती रीना छींपा ने संबंधित बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी कर 23 अक्टूबर तक लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरवाने की प्रक्रिया में तेजी लाने और पंजीकरण कार्य में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में सभी सुपरवाइजर को अपने अधीनस्थ बीएलओ के कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित समयावधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करने अथवा पंजीकरण कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *