


बीकानेर। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, राजस्थान, अजमेर द्वारा बोर्ड परीक्षाओं के दौरान परीक्षार्थियों हेतु स्कूल यूनीफॉर्म अनिवार्य किए जाने का नियम लागू करने के फैसले को स्वागत योग्य कदम बताते हुए प्राईवेट एज्यूकेशनल इंस्टीट्यूट्स प्रोसपैरिटी एलायंस (पैपा) राजस्थान के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल एवं लोकेश कुमार मोदी ने बोर्ड के सचिव कैलाश चंद्र शर्मा का बुके भेंट कर आभार व्यक्त किया। पैपा के समन्वयक खैरीवाल के मुताबिक इस दौरान बोर्ड परीक्षाओं एवं प्राईवेट स्कूल्स के बोर्ड से एफिलिएशन से संबंधित 16 बिंदुओं पर बोर्ड सचिव शर्मा के साथ बिंदुवार सार्थक चर्चा हुई। इस अवसर पर खैरीवाल ने सचिव का तहेदिल आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षाओं के लिए यूनीफॉर्म की अनिवार्यता होने से परीक्षार्थियों में पूरा अनुशासन एवं गंभीरता देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि यूनिफॉर्म का अपना एक अलग ही प्रभाव होता है। खैरीवाल ने सचिव को बताया कि 2017 में ऐसा ही सुझाव पैपा ने भी बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया था। लगभग 20 मिनिट से अधिक चली वार्ता में खैरीवाल ने बोर्ड परीक्षाओं एवं प्राईवेट स्कूल्स के बोर्ड के साथ एफिलिएशन से संबंधित 16 बिंदुओं को प्रस्तुत करते हुए बोर्ड सचिव को बताया कि इन सुझाव एवं अपेक्षाओं हेतु पैपा लगातार बोर्ड के अधिकारियों के समक्ष अपनी मांगें रखता आ रहा है, लेकिन अभी तक कुछ एक सुझावों के अतिरिक्त किसी भी सुझावों पर बोर्ड द्वारा मनन नहीं किया गया है। इस दौरान बोर्ड सचिव ने बिंदुवार गंभीर एवं सार्थक चर्चा करने के बाद कहा कि जो भी सुझाव त्वरित रूप से लागू किए जा सकते हैं, उन्हें लागू कराने की वे पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने प्राईवेट स्कूल्स की एफिलिएशन से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए बोर्ड परीक्षाओं के पश्चात पुनः वार्ता कर निष्कर्ष या समाधान के गंभीर प्रयास किए जाने का आश्वासन भी दिया।
