

बीकानेर-जयपुर के बीच वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग, रेल महाप्रबंधक को सौंपा ज्ञापन
बीकानेर। जेडआरयूसीसी सदस्य नरेश मित्तल, बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया, मनमोहन कल्याणी एवं पंकज अग्रवाल ने बीकानेर पहुंचे उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा का महाप्रबंधक बनने पर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने बीकानेर की रेल सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान एवं रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर सुझावों का ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में बीकानेर से जयपुर के बीच वंदे भारत ट्रेन शुरू करने की मांग प्रमुखता से रखी गई। उन्होंने बताया कि बीकानेर जिले से बड़ी संख्या में आमजन, व्यापारी एवं उद्योगपति जयपुर आवागमन करते हैं। ऐसे में दोनों शहरों के बीच वंदे भारत ट्रेन शुरू होने से यात्रियों को सुविधा मिलेगी और समय की बचत होगी। इसके अलावा बीकानेर से कालका एवं चंडीगढ़ के लिए सीधा रेल संपर्क नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए बीकानेर से कालका वाया चंडीगढ़ नई रेलगाड़ी शुरू करने की मांग की गई। इससे बीकानेर संभाग के यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की बात कही गई। ज्ञापन में बीकानेर से हरिद्वार संचालित त्रिसाप्ताहिक रेलगाड़ी संख्या 14717/14718 को प्रतिदिन चलाने तथा इसके समय में परिवर्तन करते हुए योगनगरी ऋषिकेश तक विस्तार करने का सुझाव भी दिया गया। इस अवसर पर नवीन अग्रवाल, भंवरलाल चांडक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
