

बेटियों ने सीखी हरियाली की पाठशाला
बीकानेर। मरू एकता छात्रावास में रह रही छात्राओं ने शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण और कृषि से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पहल में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने पौधारोपण किया और साथ ही कृषि विशेषज्ञ महावीर से व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस गतिविधि का उद्देश्य छात्राओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें कृषि संबंधी बुनियादी जानकारी देना था। पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के पौधे रोपे, जिनमें फलदार वृक्ष, औषधीय पौधे और छायादार वृक्ष शामिल थे। इस अवसर पर महावीर जी ने उन्हें पौधों के रखरखाव, सिंचाई, खाद और मिट्टी की गुणवत्ता के बारे में विस्तार से समझाया। छात्राओं ने बड़े उत्साह के साथ इस पहल में भाग लिया।
महावीर ने छात्राओं को जैविक खेती, पारंपरिक और आधुनिक खेती के अंतर, फसलों की देखभाल, तथा जल संरक्षण के विभिन्न तरीकों के बारे में बताया। उन्होंने समझाया कि कैसे कम पानी में भी खेती की जा सकती है और मिट्टी को उपजाऊ बनाए रखने के लिए प्राकृतिक खाद का उपयोग किया जाता है।
