Bikaner Bikaner District Rajasthan

पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर जताई चिंता

पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर जताई चिंता
बीकानेर। जिला कांग्रेस कमेटी देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग एवं शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल के संयुक्त नेतृत्व में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग को लेकर चलाया जा रहा “पीबीएम सुधारो जनआंदोलन” गुरुवार को 14वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पीबीएम अस्पताल में उपचाराधीन प्रसूताओं की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में चिकित्सकीय व्यवस्थाओं एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, जिन पर प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने धरनास्थल पर विरोध-प्रदर्शन कर अस्पताल प्रशासन एवं जिला प्रशासन का ध्यान विभिन्न समस्याओं की ओर आकर्षित किया। प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं की गुणवत्ता बढ़ाने, संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जवाबदेही तय करने की मांग दोहराई। इसी दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, राजस्थान की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ के बीकानेर दौरे पर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर अस्पताल की व्यवस्थाओं, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार तथा कथित अनियमितताओं से संबंधित 10 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने पीबीएम अस्पताल में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की। जिला संगठन महासचिव प्रहलादसिंह मार्शल ने बताया कि धरने में शिवलाल गोदारा, श्रीकृष्ण गोदारा, ओमप्रकाश लोहिया, डॉ. प्रीति मेघवाल सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *