Bikaner Bikaner District Rajasthan

बजट: कांग्रेस ने कहा निराशा और अपेक्षाओं का मिश्रण

बजट: कांग्रेस ने कहा निराशा और अपेक्षाओं का मिश्रण
बीकानेर। देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि सरकार के इस बजट में आम जनता के लिए कुछ नहीं है। न तो करों में राहत, न ही महंगाई पर काबू पाने के लिए कोई ठोस कदम। बजट में किसानों की आय दोगुनी करने के वादे को एक बार फिर से नजरअंदाज किया गया है तो वहीं पूंजीगत खर्चों में बढ़ोतरी की घोषणा नहीं की गई है, जो आर्थिक विकास के लिए आवश्यक थी। इसके अलावा, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अपर्याप्त आवंटन ने निराशा बढ़ाई है। रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए भी कोई ठोस पहल नहीं की गई है। कुल मिलाकर, यह बजट आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरता है और सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाता है। लगता है सरकार की प्राथमिकता सिर्फ बड़े उद्योगपतियों और कॉर्पाेरेट जगत को खुश करना है, न कि आम जनता की समस्याओं का समाधान करना।
कांग्रेसी नेता यशपाल गहलोत ने कहा कि बजट एक बार फिर साबित करता है कि यह सरकार आम जनता नहीं, बल्कि बड़े उद्योगपतियों के हित में काम कर रही है। यह बजट किसान, युवा, मजदूर, मध्यम वर्ग और गरीब वर्ग के लिए निराशाजनक है।
बजट में किसानों के लिए कोई ठोस राहत नहीं, युवाओं को रोजगार पर केवल भाषण, हर साल की तरह रोजगार के नाम पर बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन स्थायी नौकरियों और भर्ती कैलेंडर पर कोई स्पष्ट योजना नहीं है।
नितिन वत्सस ने कहा कि बजट में आमजन को कोई राहत या ठोस योजना देकर भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि उनका शासन भारत की सबसे बड़ी आबादी मध्यमवर्ग के लिए नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *