

बीएसएनएल का ‘आपका नम्बर अभी भी आपका है’ ऑफर शुरू, 499 रुपये में दोबारा चालू होगा बंद नम्बर
बीकानेर। सरकारी दूरसंचार कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने होली के अवसर पर अपने मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए विशेष 4जी ऑफर ‘बीएसएनएल का आपका नम्बर अभी भी आपका है’ शुरू किया है। इस योजना का उद्देश्य ग्राहकों को बेहतर डिजिटल कनेक्टिविटी प्रदान करना और उनकी सुविधाओं में वृद्धि करना है। यह जानकारी बीकानेर व्यवसाय क्षेत्र के महाप्रबंधक श्री ओ.पी. खत्री ने दी। उन्होंने बताया कि यह योजना पूरे देश में 31 मार्च तक लागू रहेगी। उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने किसी कारणवश लंबे समय से अपने मोबाइल नम्बर पर रिचार्ज नहीं कराया है और उनका नम्बर ग्रेस पीरियड में चला गया है, उनके लिए यह सुनहरा अवसर है। इस स्कीम के तहत उपभोक्ता मात्र 499 रुपये का रिचार्ज कर अपना पुराना नम्बर पुनः सक्रिय करा सकते हैं। खत्री ने बताया कि इस ऑफर का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता ऑनलाइन माध्यम, कचहरी परिसर स्थित बीएसएनएल उपभोक्ता सेवा केंद्र या अधिकृत रिटेलर्स से संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए बीएसएनएल की आधिकारिक वेबसाइट पर भी विजिट किया जा सकता है।
