

बीकानेर की पेयजल परियोजना अधूरी, सरकार गंभीरता से ले मामला
बीकानेर। पूर्व मंत्री डॉ बी.डी. कल्ला ने बीछवाल एवं शोभासर क्षेत्र में अधूरे पड़े निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया तथा दोनों जलाशयों में पानी की उपलब्धता की जानकारी भी ली। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण यह महत्वपूर्ण परियोजना अधूरी पड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि बीकानेर जैसे रेगिस्तानी क्षेत्र में पानी सबसे बड़ा मुद्दा है, लेकिन सरकार इस विषय को गंभीरता से नहीं ले रही। यदि समय रहते योजना को पूरा नहीं किया गया तो भविष्य में शहरवासियों को बार-बार जल संकट का सामना करना पड़ेगा। डॉ. बी.डी. कल्ला ने कहा कि वे इस मामले को लेकर जलदाय मंत्री, मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव को पत्र लिखेंगे और परियोजना में आ रही बाधाओं को दूर कर कार्य शीघ्र पूरा करवाने की मांग करेंगे।
