

व्यापारियों और उद्यमियों को अनुपालन संबंधी कठिनाइयों व अनावश्यक मुकदमेबाजी से राहत मिलने की उम्मीद
बीकानेर। बीकानेर जिला उद्योग संघ ने जीएसटी परिषद की सिफारिशों का स्वागत करते हुए इन्हें जीएसटी व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी एवं उद्योग अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया एवं सचिव वीरेंद्र किराड़ू ने कहा कि जीएसटी से संबंधित प्रक्रियाओं में सुधार होने से व्यापारियों, उद्यमियों और औद्योगिक इकाइयों को राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि जीएसटी व्यवस्था में प्रक्रियागत सुधारों से कर अनुपालन संबंधी जटिलताओं को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही, अनावश्यक मुकदमेबाजी में कमी आने और विभागीय कार्यवाही में पारदर्शिता बढ़ने की संभावना है। इससे व्यापारियों एवं उद्यमियों को अपने व्यवसाय और औद्योगिक गतिविधियों के संचालन में अधिक सुविधा मिल सकेगी। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि वास्तविक रूप से कर अनुपालन करने वाले उद्यमियों को अनावश्यक परेशानियों से बचाना और प्रक्रियाओं को सरल बनाना आवश्यक है। जीएसटी व्यवस्था में पारदर्शिता एवं स्पष्टता बढ़ने से उद्योग जगत में विश्वास मजबूत होगा तथा कारोबार के अनुकूल वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि जीएसटी परिषद की सिफारिशों के अनुरूप किए जाने वाले सुधारों से व्यापार एवं उद्योग क्षेत्र को लाभ मिलेगा और कर प्रणाली अधिक सुगम एवं प्रभावी बन सकेगी।
