

वाल्मीकि बस्ती में जागरूकता शिविर, बच्चों को दी गई स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी
बीकानेर। विश्व अस्थमा दिवस के अवसर पर वाल्मीकि बस्ती में अस्थमा जागरूकता, चिकित्सा एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ अस्थमा की रोकथाम और उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। शिविर में डॉ. श्याम अग्रवाल एवं उनकी टीम ने सेवाएं देते हुए बच्चों की जांच की और अस्थमा से जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया। उन्होंने बालक-बालिकाओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को बताया कि अस्थमा से पीड़ित रोगियों को धूल और धुएं से बचना चाहिए तथा समय पर उचित उपचार करवाना आवश्यक है। डॉ. अग्रवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि चिकित्सकीय सलाह से दिया जाने वाला इन्हेलर कोई लत नहीं, बल्कि सुरक्षा का एक प्रभावी उपाय है। उन्होंने चेतावनी दी कि अस्थमा में लापरवाही बरतने से यह रोग गंभीर रूप ले सकता है, इसलिए नियमित उपचार और सावधानी बेहद जरूरी है। इस अवसर पर भवानी शंकर राजपुरोहित, रामेश्वर, भवानी शंकर व्यास, कोमल जोशी एवं श्रीमती इंदिरा पारीक ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए अस्थमा की रोकथाम और जागरूकता पर जोर दिया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
