

आर्ट ऑफ लिविंग केंद्र ने रखा श्रद्धांजलि सत्संग, भजनों से गूंजा वातावरण
बीकानेर।वरिष्ठ उद्योगपति एवं समाजसेवी शिवरतन अग्रवाल (फन्ना बाबू) के असामयिक निधन पर आर्ट ऑफ लिविंग के बीकानेर केंद्र द्वारा भावपूर्ण श्रद्धांजलि सत्संग का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में परिजन, मित्रगण एवं समाज के गणमान्यजन उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। गिरिराज खैरीवाल ने श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए कहा कि फन्ना बाबू केवल एक सफल उद्यमी ही नहीं थे, बल्कि वे मानवीय मूल्यों, सेवा भावना और सामाजिक सरोकारों के सच्चे प्रतीक थे। उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणादायी रहा है। कार्यक्रम के दौरान भजन गायक जितेन्द्र सारस्वत ने अपनी सुमधुर आवाज में भक्ति भाव से ओत-प्रोत भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भावुक और आध्यात्मिक बना दिया। उपस्थित श्रद्धालु भजनों में डूबकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते नजर आए। इस मौके पर किशन अग्रवाल, मनोहर लाल अग्रवाल, मधुसूदन अग्रवाल, दीपक अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में परिजन मौजूद रहे। वहीं आर्ट ऑफ लिविंग से जुड़े रवि कथूरिया, राजेश मुंजाल, राजकुमार भटनागर, साधना सारस्वत, मनमोहन अग्रवाल, कुशाल खत्री, स्वाति शर्मा और सेवानिवृत्त शिक्षा अधिकारी सूरजाराम राजपुरोहित सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि सत्संग के माध्यम से सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
