

पूनरासर मेले की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बीकानेर। जिला कलेक्टर ने पूनरासर गांव पहुंचकर यहां आयोजित होने वाले तीन दिवसीय मेले की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं अविलंब पूरी की जाएं। जिला कलेक्टर ने पदयात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़कों पर पेचवर्क का कार्य जल्द पूरा करने को कहा। साथ ही मंदिर परिसर में दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक बेरिकेडिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेले के दौरान पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाने तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। गांव में साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था बेहतर रखने के साथ ही मेला क्षेत्र में नियमित सफाई करवाने के निर्देश भी दिए। उल्लेखनीय है कि पूनरासर मेले के लिए श्रद्धालु बुधवार से पैदल एवं विभिन्न माध्यमों से रवाना हुए। तीन दिवसीय मेला 17 से 19 सितम्बर तक आयोजित होगा। मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
