Bikaner Bikaner District Rajasthan साहित्य एवं कला

राजस्थानी साहित्यकारों के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कारों हेतु आवेदन आमंत्रित

राजस्थानी साहित्यकारों के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कारों हेतु आवेदन आमंत्रित
बीकानेर। रोटरी क्लब, बीकानेर द्वारा राजस्थानी भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले साहित्यकारों के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कारों हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। क्लब अध्यक्ष दीनदयाल व्यास ने बताया कि प्रथम पुरस्कार “कला-डूंगर कल्याणी राजस्थानी शिखर पुरस्कार” के रूप में 51 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। यह सम्मान राजस्थानी साहित्यकार के संपूर्ण व्यक्तित्व एवं कृतित्व को आधार मानते हुए प्रतिवर्ष दिया जाता है। इसी प्रकार द्वितीय पुरस्कार “खीवराज मुन्नीलाल सोनी राजस्थानी गद्य पुरस्कार” के तहत 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। यह पुरस्कार पिछले 10 वर्षों में प्रकाशित राजस्थानी गद्य साहित्य की सर्वश्रेष्ठ पुस्तक को दिया जाएगा, जिसमें कहानी, नाटक, उपन्यास, यात्रा संस्मरण, रेखाचित्र, व्यंग्य एवं लघुकथा जैसी विधाएं शामिल हैं। तृतीय पुरस्कार “बृज-उर्मी अग्रवाल राजस्थानी पुरस्कार” के रूप में 15 हजार रुपये की राशि काव्य विधा पर आधारित श्रेष्ठ पुस्तक को दी जाएगी। वहीं चतुर्थ पुरस्कार “सोमवर्षा राजस्थानी महिला साहित्यकार पुरस्कार” के अंतर्गत 11 हजार रुपये की राशि राजस्थानी महिला साहित्यकार की गद्य या पद्य की किसी भी विधा पर आधारित श्रेष्ठ पुस्तक को प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त “सुन्दरदेवी-तुलसीदास हर्ष राजस्थानी बाल साहित्य पुरस्कार” के तहत 7 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। इस श्रेणी में केवल बाल साहित्य की पुस्तकें ही आमंत्रित की गई हैं।
पुरस्कार समिति के संयोजक मनमोहन कल्याणी ने बताया कि भारत में कहीं भी निवास करने वाला राजस्थानी भाषा का साहित्यकार इन पुरस्कारों के लिए आवेदन कर सकता है। चयनित साहित्यकारों को रोटरी क्लब द्वारा आयोजित भव्य समारोह में चैक, शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *