

चलती गाड़ी का बिना रोके लाइसेंस नहीं होने का ई-चालान, जांच की मांग उठाई
बीकानेर। चलती गाड़ी का बिना रोके ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने का ई-चालान किए जाने का मामला सामने आया है। लोड बॉडी वाहन चालक कालू सिंह का आरोप है कि दीनदयाल सर्किल के पास उनके वाहन (आरजे 07 जीसी 6912) को बिना रोके ही ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने के आधार पर 5 हजार रुपये का ई-चालान कर दिया गया, जबकि वह वाहन में सामान लेकर जा रहे थे। इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पार्टी का कहना है कि इस घटना से ई-चालान प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हुए हैं। पार्टी के जिलाध्यक्ष मोहन सिंह राठौड़ ने कहा कि कानून का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है, लेकिन कानून लागू करने वाली एजेंसियों की कार्यप्रणाली भी पारदर्शी और न्यायसंगत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्रवाई के स्पष्ट और सत्यापन योग्य आधार वाहन मालिक को उपलब्ध कराए जाने चाहिए। पार्टी ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर वस्तुस्थिति सार्वजनिक की जाए, ताकि आम नागरिकों का कानून और व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।
